Wednesday, June 1, 2016

भोला मारा गया

महाराज विचित्रसेन स्नानघर के जल कुंड में बैठे चिंता में खोए हुए थे।  सात साल से सूखे से राज्य झूझ रहा था।  लोग त्राहि त्राहि हो रहे थे। कुछ सूझता न था। करें तो क्या करें। वैसे राज कोष में अभी काफी धन था किन्तु मंत्रियों ने सलाह दी की इसे पडोसी राज्य से राहत मांगने के लिए इस्तेमाल करना अपनी कमज़ोरी दिखाना होगा। आखिर ये एक गौरवशाली राज्य था और ऐसा समय ही तो अपना मनोबल और प्रबल दोनों का इम्तेहान देने की घडी थी।  फिर आंतरिक विद्रोह की समस्या भी थी। कुछ राजद्रोही लोग ललकारने लगे थे, कल को कोई आक्रमण हो गया तो उसे कुचलने के लिए सेना के लिए मुद्रा की ज़रुरत भी पड़ेगी। और फिर राजपुरोहित के यज्ञ से भी मांगें आती रहती थीं । पांच साल हो चले थे यज्ञ को पर देवता प्रसन्न होते न थे ।

राजपुरोहित थोड़े परेशान हो चले थे। सोचा था बरखा साल दो साल को टली है। यज्ञ के जरिये थोड़ी पूछ बढ़ेगी, वरन कोई पूछता न था।  शुरुआत में काफी अच्छा रहा। काम भी मिल गया काफी शिष्यों को। दिन भर कुछ रटे हुए मन्त्र बुद बुदा दो। आराम करना हो तो बस कह दो की जब तक आम की गीली लकड़ी और हरी पत्ती का प्रबंध नहीं होता यज्ञ टल गया है। वैसे भी सूखे से इतनी मृत्यु हो चली थीं की श्राद्ध में भी अच्छी कमाई हो जाती थी।  सात साल में एक दो साल का सूखा तो अच्छा था पर ये कैसा सूखा जो सात साल से चल रहा है, अब तो लोग भी पुरोहितजी के देव ज्ञान पर शंका करने लगे थे।

भोला भरी धुप में पानी लेने दूर बावड़ी की और चला जाता था। बेचारे की माँ चल बसी थी और पिताजी बिस्तर से लग चुके थे। जिनके खेत पिताजी जोता करते थे उस मालिक ने कई साल पहले कहलवाया था कि - बारिश तो हो नहीं रही, काम क्या करोगे, बारिश के उपरान्त ही आना अब।  अब बस ऊपर टक टकी  लगाके देखा करते थे वे। भोला का मन विद्रोह को करता था पर डरता था। 

राजकुमार आनन्ददित्य तड़प रहे थे। इस सूखे ने उनका जीवन दुष्कर कर रख था। ये कैसी कुंवरपन था जो न कोई उत्सव करवा सकता था न अपने मित्रों के लिए नृत्य का आयोजन। सुनते थे की कमला देवी के विशेष कार्यक्रम बहुत ही रोचक होते थे, अड़ोस पड़ोस के सभी राजकुमार कमला देवी के नृत्य का आनंद उठा चुके थे बस ये ही रह गए थे। जब भी वो बात छेड़ते थे पिताजी कहते - कोई भी उत्सव हुआ तो जनता खा जाएगी तुझे और राजपुरोहित ऐसा अवसर देख कर मुझे दायित्वहीन करार दे कर सूखे का सारा दोष मेरे मत्थे जड़ देंगे। 

कमला देवी की झलक को दुनिया तरसती थी। यूँ मालुम होता था जैसे दुनिया उसकी मुट्ठी में हो। पर सच तो ये था की कमला कबीले के सरदार की हांथों की बस कठपुतली थी। सरदार के लिए उसका सौंदर्य और नृत्य कला मनो एक मुद्रा थी जिसका वो व्यापार करता था। अपनी चालाकी और निपुणता से वो उससे रोचक  रखता। कमला देवी के सच्चे झूठे कारनामों की कथाओं को फैलाना, नामी और धनी लोगों के मन में उत्सुकता बनाना इन सब से वो उसे सुर्ख़ियों में रखता था। उसके बिना ज्यादा से ज्यादा कमला देवी किसी राजा की चिड़िया बन कर रह जाती। उससे तो ये बूढा सरदार ही अच्छा था, कमला देवी का अपना कोई अस्तित्व तो था। 

भोला अपनी खाली मटकी ले कर लौट रहा था। बावड़ी पर ऊँची जात ने वापस कब्ज़ा कर लिया था, कहते थे अगर पानी छुआ भी तो हाथ काट देंगे। उसके साथ कई और भी चल रहे थे। उनके आंसूं धरती पर पड़ते पर फिर भी धरती का कलेजा न पिघलता था। 

एक गुप्त स्थान पर बूढा सरदार और राजकुमार आनन्ददित्य का मिलना हुआ। सरदार शातिर था, समझ गया की राजकुमार बेचैन है कमला देवी को देखने के लिए। शर्त रखी गई की कमला देवी का विशेष कार्यक्रम तभी होगा जब कबीले का एक बड़ा नाट्य कार्यक्रम आयोजित होगा।  जितना बड़ा कार्यक्रम उतनी बड़ी रकम। राजकुमार अभी कच्चा था, इतनी सी परिस्तिथि में हिम्मत हारने लगा। पिताजी की बात याद आती थी सोचता था - नंगे और भूखे से तो भगवान् भी डरता है, जनता का डर न होता तो झट हाँ कर देता। 

बूढ़ा सरदार मुस्कुरा रहा था,  कहा - जाओ पुरोहित और अपने पिता के साथ सभा बुलाओ मैं सब ठीक कर दूंगा । पर उसके भी हजार सिक्के लूँगा। 

सभा के बाद सभी मुस्कुराते हुए लौटे । कुछ ऐसे फैसले हुए। 

१) राज पुरोहित घोषणा करेंगे - सपने में उनको नारद मुनि के दर्शन हुए। मुनिवर ने उन्हें कहा की इंद्र देव को प्रसन्न करने के लिए यज्ञ काफी नहीं है। इंद्र देव नृत्य और नाट्य प्रेमी हैं ये जानते हुए भी अगर तुम उनके लिए कोई भव्य कार्यक्रम नहीं कर सकते तो यज्ञ अधूरा रहेगा। 

२) बूढा सरदार उधर अपने सूत्रों से ये सूचना फैलाएगा की उसका कबीला इस नेक काम के लिए तैयार है और कमला देवी की खूबसूरती और नृत्य देख कर इंद्रा देव खुद दो बार उनसे मिलने स्वर्ग से उतर कर आए थे 

३) महाराज विचित्रसेन इंदर देव को रुझान के लिए एक भव्य और नाट्य कार्यक्रम की घोषणा करगेंगे। 

४) कबीला का नाटक ऐसा होगा की किसी राज्य का शासक वर्ग (महाराज, राजकुमर, मंत्री, पुरोहित) सब उस राज्य को बचाने की जी जान से कोशिश में लगे हैं पर कुछ छोटे देशद्रोही लोग सब कुछ नष्ट करना चाहते हैं ।  राज्य के प्रती निष्ठा और दुश्मनो के सफाई के दो गाने भी होंगे। 

५)  चूंकि सब जानते थे की इससे बरसात नहीं आएगी आगे का हल कुछ ऐसे निकाला गया- एक भोले और निराश अछूत को बहला फुसला के पवित्र जल के कमंडल के पास भेजा जाएगा । फिर हल्ला मचा कर उस पर सार दोष मढ़ा जाएगा। पुराने दुःख , परिस्तिथियों पे गुस्सा और अभी अभी गर्म किये हुए जोश में लोग बाकी का काम अपने आप ही कर देंगे ।  उस पापी को दोष दे दे कर या बीच बीच में उसके कुनबे पे भड़ास निकाल कर साल दो साल और व्यस्त रहेंगे। 

आशा के अनुसार कार्यक्रम भव्य था ।  सभी कबीले वालों ने उत्तम कोटि का प्रदर्शन किया । महाराज और पुरोहित की चिंता दूर हुइ। कमला देवी ने तो विश्वास दिल दिया की सचमुच इंद्र भी उनके अनुरागी हैं । राजकुमार तो ख़ुशी से पागल हुआ जाता थ। जनता ने भी खूब साथ दिया । 

पर भोला मारा गया । 




No comments: